JKNEWS18/FARIDABAD : रोहतक सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने मांग की है कि फरीदाबाद के सरकारी अस्पताल में मरीजों को पूरा इलाज, जांच और दवाई की सुविधा मिलनी चाहिए। ईलाज के लिए आने वाले मरीजों को दूसरी जगह रेफर करने की प्रथा खत्म होनी चाहिए।
इसके लिए सरकार तुरंत पर्याप्त डॉक्टर, पैरा-मेडिकल स्टाफ, दवाई, जांच, उपकरणों की व्यवस्था के साथ ही बढ़ती हुई जनसंख्या के हिसाब से शहर की जरूरत को देखते हुए पर्याप्त बेड वाले ए.ग्रेड ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था की जाए। ताकि सडक़ दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को यहां पूरा इलाज मिले न कि रेफर टू दिल्ली का पर्चा मिले।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि कई बार समय से इलाज न मिलने पर मरीज की जान तक चली जाती है। फरीदाबाद रेफर मुक्त संघर्ष समिति के संयोजक संजय भाटिया, सतीश चोपड़ा ने सांसद दीपेन्द्र हुड्डा से मुलाकत कर अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि फरीदाबाद रेफर मुक्त संघर्ष समिति की मांगें जायज हैं। सरकार तुरंत इनका समाधान करें।
सिविल अस्पताल फरीदाबाद के बाहर पिछले 200 से ज्यादा दिनों से रेफर मुक्त संघर्ष समिति के बैनरतले धरना दे रहे सतीश चोपड़ा ने बताया कि पूरे लोकराभा क्षेत्र में कोई । ग्रेड का सरकारी ट्रॉमा सेन्टर नही है हाल ही में केवल 10 बेड का ट्रॉमा केयर सेंटर बनाने की घोषणा हुई है लेकिन ये जनसंख्या के हिसाब से ना काफी है।
सिविल अस्पताल में गेस्ट्रो, नेफ्रो, स्पाइन, यूरोलोजिस्ट, कार्डियोलोजिस्ट न्यूरो साइकेट्रिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट जैसे सुपरस्पेशलिस्ट डॉक्टर्स नहीं हैं। कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी का इलाज तक नही होता मरीजो को अल्ट्रासाउंड की सुविधा तक नहीं मिलती है।
सिविल अस्पताल फरीदाबाद में मेंटेनेंस के अभाव में करोड़ों रूपये की डिजिटल एक्सरे मशीन व ऑक्सीजन प्लांट बन्द पड़े हैं। लोहे के कनेक्टर में बनी 99 बेड वाली एक्सीडेंटल एमरजेंसी का फर्श जगह-जगह से टूट गया है, वार्डो के वाटर कूलर खराब है, शौचालय की दुर्दशा है, पीने का पानी तक नहीं है।
फायर सेफ्टी का काम 3 साल से अटका हुआ है पूरे अस्पताल में 1 लिफ्ट है वो भी अक्सर खराब रहती है। मोर्चरी में केवल 14 फ्रीजर है जो ज्यादातर खराब रहते है। गर्मी में हर साल शवों की दुर्गति होती है।
पूर्व क्रिकेटर रणजी प्लेयर व धरने के मुख्य संयोजक संजय भाटिया ने कहा कि सतीश चोपड़ा को कुछ हुआ तो उसकी जिम्मेदारी सरकार व प्रशासन की होगी। प्रतिनिधि मंडल में वरिष्ठ समाजसेवी सरदार उपकार सिंह, राज बघेल, वरिष्ठ अधिवक्ता एन पी सिंह, विजय दहिया, फूल महेश शामिल रहे।