JKNEWS18/FARIDABAD : फरीदाबाद सैक्टर 21 बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में बड़े हर्षोल्लास के साथ वार्षिकोत्सव “संस्कार मेला” का भव्य आयोजन किया गया। जीवा पब्लिक स्कूल में प्रतिवर्ष आयोजित इस मेले में संस्कार, सृजन और शिक्षा का अद्भुत संगम होता है। इस मेले के माध्यम से यह संदेश दिया जाता है कि यहाँ शिक्षा का अर्थ केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है,
बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान दिया जाता है, ताकि वे शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और नैतिक रूप से सशक्त बन सकें।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपरा और नैतिक मूल्यों के प्रति सम्मान जागृत करना है। भारतीय परंपरा का सम्मान करते हुए मेले का शुभारंभ पारंपरिक रीति अनुसार दीप प्रज्वलन द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री ऋषिपाल चौहान जी के साथ-साथ विद्यालय की उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान, डायरेक्टर ऑफ जीवा आयुर्वेदा डॉ० प्रताप चौहान, एकेडमिक हेड श्रीमती मुक्ता सचदेव, सी.ई.ओ. जीवा आयुर्वेद श्री मधुसूदन चौहान, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर आयुर्वेद सुश्री काजल चौहान, एजुकेशनल एवं एच.आर. डायरेक्टर सुश्री मीनाक्षी सिंह, तथा एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर आयुर्वेद सुश्री नीरजा चौहान एवं प्रधानाचार्या डॉ नरजीत कौर की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।
दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के उपरांत विद्यालय प्रांगण में एक के बाद एक आकर्षक एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तुत की गई, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। इसके पश्चात स्वाध्याय नाटिका, पंजाबी लोकनृत्य, रानी लक्ष्मीबाई पर आधारित नाटिका, शिव पुराण पर आधारित काल भैरव नृत्य-नाटिका, विभिन्न लोकनृत्यों एवं देशभक्ति नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ऑर्केस्ट्रा की मधुर धुनों ने पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब सराहना प्राप्त की। अभिभावकों के लिए भी मनोरंजक खेलों एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन भारतीय संस्कृति, संस्कारों और विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा का अद्भुत संगम रहा।
आज के कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत काल भैरव की मनमोहक प्रस्तुति रही, जिसे बच्चों ने नृत्य-नाटिका के माध्यम से अत्यंत अद्भुत एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। मेले की विशेष थीम ‘इनक्रेडिबल इंडिया’ (अतुल्य भारत) रखी गई, जिसके अंतर्गत उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं के साथ मनोरंजक खेलों को दर्शाया गया।
मेले में मनोरंजन और रोमांच बढ़ाने के लिए बैलून जगल, फीड द कैमल, रिंग द रूटीन, जायंट जेंगा और ब्रेक द पिरामिड जैसे आकर्षक खेलों का भी आयोजन किया गया। वहीं, स्पोर्ट्स गेम्स के अंतर्गत डार्ट गेम सहित विभिन्न गतिविधियों ने बच्चों में उत्साह, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का संचार किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रांगण में आयोजित प्रत्येक खेल में विद्यालय के मूल सिद्धांतों डी.के.एन. (दिनचर्या के नियम) और एस.ओ.ई. (स्वयं, अन्य एवं पर्यावरण) की सुंदर झलक देखने को मिली। अभिभावकों एवं बच्चों ने इन आकर्षक खेलों और गतिविधियों का आनंद लिया।
वहीं, ए.टी.एल. के अंतर्गत छात्रों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न रोबोट्स और अभिनव प्रोजेक्ट्स ने अपनी रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक सोच से सभी को प्रभावित किया। छोटे बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही टॉय ट्रेन ने भी सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया और पूरे परिसर में उत्साह एवं उमंग का वातावरण बना दिया।
विद्यालयों के छात्रों द्वारा बनाए गए विभिन्न कलात्मक वस्तुओं को कला केंद्र के माध्यम से दर्शाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रांगण में डांडिया नृत्य का भी आयोजन किया गया, डांडिया नृत्य में बच्चों के साथ साथ अभिभावकों ने भी खूब आनंद लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री ऋषिपाल चौहान ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि छात्रों में जीवन-मूल्यों, संस्कारों, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास करना भी है। जीवा लर्निंग सिस्टम (JLS) इसी उद्देश्य के साथ विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हुए उनके सर्वांगीण विकास पर बल देता है।
ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें संवेदनशील, जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी संदेश को समाज तक पहुँचाने के लिए प्रतिवर्ष ‘संस्कार मेला’ का आयोजन किया जाता है। इस मेले में बच्चे नृत्य, नाटक और खेलों के माध्यम से जीवन मूल्यों पर आधारित विषयों को प्रस्तुत करते हैं,
जिससे वे स्वयं इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएँ और अभिभावक भी इन्हें समझकर अपनी जीवनशैली में शामिल करें। प्रधानाचार्या डॉ. नरजीत कौर ने अभिभावकों को संबंधित करते हुए कहा, “यह देखकर हर्ष हो रहा है कि अभिभावक जीवन-मूल्यों और भारतीय संस्कृति के इस उत्सव का हिस्सा बने हैं।
हमारा उद्देश्य बच्चों को जीवन-कौशल और संस्कारों से समृद्ध करना है।” विद्यालय की उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान तथा एकेडमिक हेड श्रीमती मुक्ता सचदेव, प्रधानाचार्या डॉ नरजीत कौर ने सभी छात्रों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।