JKNEWS18/FARIDABAD : हरियाणा कला परिषद, कुरुक्षेत्र द्वारा 14 अक्टूबर 2026 से 23 अक्टूबर 2026 तक सरस्वती महिला महाविद्यालय, पलवल में दस दिवसीय हरियाणवी नृत्य कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन हरियाणा कला परिषद, कुरुक्षेत्र के उपाध्यक्ष श्री महेश जोशी जी के मार्गदर्शन में हरियाणवी लोककला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
हरियाणा कला परिषद, कुरुक्षेत्र समय-समय पर ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं कार्यशालाओं का आयोजन करता रहता है, जिससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और लोकनृत्य की बारीकियाँ सीखने का अवसर मिलता है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर सरस्वती महिला महाविद्यालय, पलवल की प्राचार्या डॉ. वंदना त्यागी, डॉ. शुभ्रा, डॉ. आरती दीवान एवं सुश्री साक्षी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस कार्यशाला में प्रशिक्षक अंजलि भाटी विद्यार्थियों को हरियाणवी लोकनृत्य की विभिन्न शैलियों, ताल एवं लय की बारीकियों का प्रशिक्षण दे रही हैं।
अंजलि भाटी का उद्देश्य विद्यार्थियों को हरियाणवी लोकसंस्कृति की मौलिकता से परिचित कराना तथा उनकी नृत्य प्रतिभा को निखारकर उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने के लिए प्रेरित करना है।
हरियाणा कला परिषद, कुरुक्षेत्र के उपाध्यक्ष श्री महेश जोशी जी के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रकार की कार्यशालाएँ हरियाणवी लोककला के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ हरियाणा की समृद्ध लोकपरंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।