JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के मोबाइल फोन पर एपीके फाइल भेजकर फोन हैक कर लिया और बैंक खाते से 87398 रुपये निकाल लिए। मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु-1 और हिमांशु-2 दोनों निवासी पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-8 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से एपीके फाइल भेजी गई। शिकायतकर्ता ने जैसे ही फाइल डाउनलोड की, उसका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके कुछ समय बाद उसके बैंक खाते से 87,398 रुपये की राशि निकाल ली गई।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि हिमांशु.1 साइबर ठगी के लिए कॉलिंग हेतु डाटा और लॉजिस्टिक्स उपलब्ध करवाता था तथा ठगी की रकम को एटीएम के माध्यम से निकलवाने का काम भी करता था।
वहीं, हिमांशु.2 सेविंग अकाउंट पर मर्चेंट आईडी तैयार करवाकर ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर करवाता था। पुलिस जांच में आरोपियों की भूमिका साइबर ठगी की रकम को एक खाते से दूसरे खाते में पहुंचाने और उसे निकालकर ठगों तक पहुंचाने में सामने आई है। दोनों को चार दिन पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की जांच की जा रही है।