JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर ठगी के लिए फर्जी वेबसाइट व मोबाइल एप्लीकेशन उपलब्ध करवाने के आरोप में साईबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साइबर थाना बल्लभगढ में सेक्टर 62 बल्लभगढ निवासी एक व्यक्ति ने दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके पास एक अंजान नंबर से काल आया।
जिसने खुद का परिचय आईसीआईसीआई क्रेडिट कार्ड कस्टमर केयर के रुप में दिया तथा कहा कि आपके क्रेडिट कार्ड पर प्रोटेक्शन सर्विस लगी हुई है, जिसका चार्ज 2,499 रूपये प्रति माह है यदि सर्विस नही लेना चाहते तो इसे हटा दें। जिस पर शिकायतकर्ता ने कहा कि उसे यह सर्विस हटानी नही आती।
जिस पर ठग ने शिकायतकर्ता को आनलाइन मोबाइल सर्विस एप डाउनलॉड करने व उस एप में अपनी कार्ड की डिटेल व जन्म तिथि भरने को कहा। इसके कुछ देर बाद शिकायतकर्ता के क्रेडिट कार्ड से 45000 रुपये कट गए। जिस पर साइबर थाना बल्लभगढ में ठगी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ की टीम ने कार्रवाई करते हुए रजत मंडल निवासी कालोनी चन्दन नगर जिला हुगली पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि रजत आठवी पास है।
उसने ठगी के लिए फर्जी वेबसाइट व मोबाइल एप्लीकेशन किसी व्यक्ति से लेकर फुरकान हुसैन व कफिल अहमद को उपलब्ध करवाई थी। रजत की फुरकान हुसैन व कफिल अहमद से फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। फुरकान हुसैन व कफिल अहमद एक अन्य साइबर ठगी के मामले में नीमका जेल में बंद है। आरोपी रजत मंडल को माननीय अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।