JKNEWS18/FARIDABAD : पुत्रवधु की हत्या कर शव को घर के सामने सडक़ पर गड्डे खोदकर दबाने के आरोपी ससुर को पल्ला थाना पुलिस की टीम ने काबू कर लिया है।
विगत 25 अप्रैल को रोशन नगर फरीदाबाद में रहने वाले अरूण सिंह ने पुलिस चौकी नवीन नगर में एक शिकायत दी, जिसमें बताया कि उसकी पत्नी तन्नु राजपूत 24 अप्रैल को घर से बिना बताए कहीं पर चली गई है, जिस पर थाना पल्ला में संबंधित धारा के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
राजेश कुमार एसीपी सराय ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना पल्ला की टीम को ससुराल पक्ष पर महिला की हत्या कर जमीन में दबाने बारे संदेह हुआ, जिस पर 20 जून को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में मकान के सामने बने गड्ढा की खुदाई कराई गई, जहां से तन्नु की लाश बरामद हुई।
जिस पर मामले में हत्या, सबूत को नष्ट करने की धाराएं जोड़ी गई। उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि थाना पल्ला की टीम ने कार्यवाही करते हुए मृतका के ससुर भूप सिंह निवासी रोशन नगर फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच पर सामने आया कि जून 2023 में अरूण सिंह व तन्नु की शादी हुई थी। शादी के बाद से ही घर में अनबन चलती रहती थी। 21-22 अप्रैल की रात को आरोपी के घर पर उसकी बेटी व उसकी पुत्रवधू तन्नू थी।
पत्नी एक शादी के कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गई हुई थी तथा बेटा अरूण सिंह रात को ड्यूटी पर गया हुआ था। उसकी बेटी खाना खाकर ग्राउंड फ्लोर पर अपने कमरे में सो गई थी तथा तन्नु भी प्रथम तल पर सोने के लिए चली गई थी।
उसी रात आरोपी तन्नु के कमरे में गया, जहां पर उसने चुन्नी से पुत्रवधू तन्नू का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को मकान से सामने पहले से बने गड्ढे (सोखता)में डालकर शव को मिट्टी से दबा दिया ताकि किसी को दिखाई ना दे और फिर सुबह राज मिस्त्री को बुलाकर उस गड्ढे को पक्का करवा दिया।
उन्होंने आगे बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, अनुसंधान के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुरूप कार्रवाई की जायेगी, आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर आगामी पूछताछ के लिए 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।