JKNEWS18/FARIDABAD : दृढ़ संकल्प और उत्साह के साथ हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2025 अभूतपूर्व स्तर पर देश और पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर आज शनिवार को स्थानीय सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में जिला स्तरीय 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि 21जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाना भारत के दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल का परिणाम है। दिसंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा भारत के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया था।
तभी से वर्ष 2015 से हर वर्ष यह दिवस पूरे विश्व में बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि भारत में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत एक समन्वित योग सत्र के रूप में मनाया जाता है। इस प्रोटोकॉल को भारत के योग विशेषज्ञों द्वारा विकसित किया गया हैए ताकि योगाभ्यास में एकरूपता लाई जा सके।
यह 45 मिनट की दिनचर्या है जिसमें विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान को सम्मिलित किया गया है। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा की पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को ऐतिहासिक रूप से मनाया गया। देश के प्रधानमंत्री कॉमन योग प्रोटोकॉल का नेतृत्व करते हैं।
कोविड.19 महामारी के दौरान 2020 और 2021 में घर पर योग, परिवार के साथ योग और स्वास्थ्य के लिए योग की थीम पर डिजिटल रूप में आयोजन किए गए। उन्होंने बताया कि 2025 में मनाया जा रहा 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस इस दशक की यात्रा का उत्सव है, जिसने योग को वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य और मानसिक शांति का साधन बना दिया है।
इस वर्ष देशभर में 10 प्रमुख पहल जैसे योग संगम, योग बंधन, योग महाकुंभ आदि के माध्यम से योग को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे यह आम जनजीवन का हिस्सा बन सके।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर कहा कि भारत सरकार एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग थीम को प्रमुखता से आगे बढ़ा रही है।
यह विषय 2023 में भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान प्रस्तुत एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य दृष्टिकोण पर आधारित है, जो यह दर्शाता है कि व्यक्ति का स्वास्थ्य और धरती का कल्याण आपस में गहराई से जुड़े हैं। यह सर्वे सन्तु निरामया: की भारतीय सोच को दर्शाता है, विशेषकर कोविड.19 के बाद, जब मजबूत स्वास्थ्य प्रणालियों और वैश्विक सहयोग की महत्ता बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि आज के तनावपूर्ण माहौल में योग शांति और संतुलन का मार्ग है, जो न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे समाज और विश्व में समरसता लाने में सक्षम है।
कार्यक्रम के अंत में एडीसी सतबीर मान ने मुख्य अतिथि तथा विशिष्ठ अतिथियों का कार्यक्रम में शिरकत करने पर उनका धन्यवाद किया पतंजलि योगपीठ से आए योगाचार्य डॉ ओम प्रकाश, योग आचार्य अंकुर सिंह तथा योग विशेषज्ञ विकास यादव ने मंचासीन होकर योग योगाभ्यास का नेतृत्व किया और उपस्थित जनों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, वज्रासन प्राणायाम और ध्यान अभ्यास विभिन्न मुद्राओं में आसन करवाए।
इस अवसर एनआईटी विधायक सतीश फागना, भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, जिला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया, पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल, एसडीएम फरीदाबाद अमित गुलिया, आयुष विभाग से जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर मनीषा लाम्बा, आयुष विभाग से डॉ. मोहित वासुदेव सहित तमाम विभागों के अधिकारीगण व गणमान्य नागरिकों ने जिला स्तरीय 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल होकर योगाभ्यास किया।