JKNEWS18/FARIDABAD : थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी रंजिश के चलते गांव ताजूपुर निवासी मुकेश कुमार की हत्या के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सतीश कुमार निवासी मलाकपुर हापुड हाल जुन्हैडा फरीदाबाद के रूप में हुई है।
जिसको माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार गांव ताजूपुर निवासी जगमीत ने थाना सदर बल्लभगढ़ में दी शिकायत में बताया कि करीब 4.5 माह पहले उसके पिता मुकेश कुमार का गांव के ही प्रवीन व आलोक के साथ विवाद हुआ था। विवाद के बाद उसके पिता को धमकी दी गई थी।
12 सितम्बर 2026 को उसके पिता मुकेश कुमार मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। दोपहर करीब 3 बजे परिवार को सूचना मिली कि रास्ते में कुछ व्यक्तियों ने उनके पिता के साथ मारपीट की है। जिसमें उसके पिता की मृत्यु हो गई। शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दोनों पक्षों को जानता था और योजनाबद्ध तरीके से पहले उसने फोन करके मुकेश कुमार को मंदिर की तरफ बुलाया और फिर उसकी सूचना कुलदीप व अन्य लोगों को दी, जिन्होने मुकेश के साथ मारपीट की थी, जिसमें मुकेश कुमार की मृत्यु हो गई थी।