JKNEWS18/FARIDABAD : अपराध शाखा एवीटीएस भूपानी की टीम ने कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर थाना पल्ला क्षेत्र में नकली ब्रांडेड उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरोपी देवेन्द्र निवासी मीठापुर दिल्ली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एस्ट्रल कंपनी के लोगो लगे 810 नकली सीपीवीसी पाइप बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कम्पनी के जांच अधिकारी एवं एस्ट्रल लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि ने शिकायत दी थी कि इस्माइलपुर क्षेत्र में एस्ट्रल कंपनी के नाम से नकली सीपीवीसी पाइप बेचे जा रहे हैं। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 02 सितम्बर 2026 को पुलिस टीम ने कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ किसान पॉलीमर 33 फुट चंगी रोड, अजय नगर, इस्माइलपुर पर जांच की।
जांच के दौरान दुकान से एस्ट्रल कंपनी के लोगो लगे 810 नकली सीपीवीसी पाइप बरामद हुए। शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित देवेन्द्र अजय नगर में हार्डवेयर की दुकान चलाता है। वह दिल्ली से ब्रांडेड कंपनियों के नाम से नकली सामान सस्ते दामों पर खरीदकर लाता था और उसे असली बताकर अधिक कीमत पर बेचता था। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।