JKNEWS18/FARIDABAD : थाना सेक्टर-8 क्षेत्र में मोबाइल फोन छीनने के बाद बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से 91000 रुपये निकालने के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने कार्रवाई करते हुए अरमान निवासी छारौदा नूंह को गिरफ्तार किया है। जिसको माननीय अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार हनुमान नगर भारत कॉलोनी निवासी शिकायतकर्ता रमेश भगत ने अपनी शिकायत में बताया कि 3 नवंबर 2025 को रात करीब 10:45 बजे वह ड्यूटी से घर लौट रहा था। खाटू श्याम मंदिर, सेक्टर-20बी, मथुरा रोड के पास उसकी पत्नी का फोन आने पर वह सडक़ किनारे रुक गया। इसी दौरान एक अज्ञात युवक उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।
अगले दिन 4 नवंबर 2025 को शिकायतकर्ता बैंक शाखा पहुंचा, जहां उसे पता चला कि उसके बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से 91,000 रुपये निकाले जा चुके हैं। जिसकी शिकायत पर थाना सेक्टर-8 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नीरज और सूरज ने मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था।
वारदात के बाद उन्होंने छीना हुआ मोबाइल फोन अरमान को दे दिया। अरमान ने मोबाइल का प्रयोग कर यूपीआई के माध्यम से शिकायतकर्ता के खाते से रुपये एक ऑनलाइन गेम के स्कैनर में डाल दिए। उसके बाद गेम गेम के खाते से अपने खाते में 42000 रुपए ट्रांसफर कर लिये और यह रकम आपस में बांट ली तथा मोबाइल फोन को आगे बेच दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी अरमान से 20000 रुपये बरामद किये गये हैं। मामले में आगे जांच के लिए आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। नीरज और सूरज को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।