JKNEWS18/FARIDABAD : पानी का बिल भरने के नाम पर मोबाइल फोन पर एपीके फाइल भेजकर एक स्कूल के बैंक खाते से लाखों रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को गांव हतापुर खेरी उत्तर प्रदेश से 27 अगस्त को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान अंकित कुमार निवासी गांव हतापुर खेरी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
आरोपी ने एक सीएससी सेंटर का वॉलेट खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था, जिसमें ठगी की रकम में से 2 लाख रुपये आए थे।पुलिस प्रवक्ता अनुसार साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायतकर्ता द्वारा बताया गया कि दिसंबर 2025 में उनके स्कूल के बैंक खाते से साइबर ठगी कर 15,34,699 रुपये निकाल लिए गए थे। स्कूल के बैंक खाते में अकाउंटेंट रघुवीर का मोबाइल नंबर पंजीकृत था।
9 दिसंबर 2025 को अकाउंटेंट ने स्कूल प्रबंधन को बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर लगातार बैंक लेन-देन से संबंधित ओटीपी प्राप्त हो रहे हैं और साथ ही खाते से पैसे कटने के संदेश भी आ रहे हैं। जांच करने पर पता चला कि स्कूल के बैंक खाते से लगातार ट्रांजेक्शन कर कुल 15,34,699 रुपये की राशि निकाल ली गई थी।
साइबर ठगों ने पानी का बिल भरने के नाम पर एपीके फाइल भेजकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। जिसकी शिकायत पर साइबर थाना बल्लबगढ़ में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई ।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने राम शंकर के सीएससी सेंटर के वॉलेट खाते को आगे ठगों को उपलब्ध कराया था जिसमें ठगी की गई रकम में से 2 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। आरोपी अंकित कुमार वर्तमान में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। राम शंकर और आरोपी अंकित पड़ोसी गांव के रहने वाले हैं। आरोपी को माननीय न्यायालय कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।