JKNEWS18/FARIDABAD : अंडमान में होटल बुकिंग कराने के नाम पर एक महिला से 84 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए फर्जी वेबसाइट तैयार करने वाले आरोपी सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार कॉलर भी शामिल हैं, जो किराये के कमरे में बैठकर लोगों को होटल बुकिंग के नाम पर झांसे में लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल, जय बिष्ट, विशाल, अंकुर, विक्रम, पुनित सक्सेना तथा एक महिला आरोपी भी शामिल हैं जिनको साइबर थाना की टीम ने गाजियाबाद, हरिद्वार व हापुड से काबू किया गया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-78 निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 जून को उसने अंडमान में होटल बुकिंग कराने के लिए ऑनलाइन सर्च किया था।
सर्च के दौरान उसे एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म मिला। प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर कथित ठगों ने होटल बुकिंग कराने का भरोसा दिलाकर महिला को अपने झांसे में ले लिया और होटल बुकिंग की प्रक्रिया पूरी कराने के बहाने महिला से विभिन्न माध्यमों से कुल 84,000 रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिये।
बाद में महिला को अपने साथ ठगी होने का पता चला, जिसकी शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के दौरान साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाकर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने सबसे पहले आरोपी राहुल को काबू किया, जांच में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है।
वह गिरोह के लिए फर्जी वेबसाइट तथा अन्य तकनीकी एवं लॉजिस्टिक सुविधाएं उपलब्ध करवाता था। राहुल बी.कॉम और एलएलबी उत्तीर्ण है। इसके बाद बैंक अकाउंट स्टेटमेंट के आधार पर खाताधारक जय बिष्ट को काबू किया गया, जिसके खाता में ठगी की राशि 84000 रुपए प्राप्त हुये थे। जय बिष्ट का खाता उसकी साली ने प्राप्त कर अपने पति विक्रम को उपलब्ध करवाया था।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि विक्रम इस गिरोह का मुख्य सरगना है। उसने गाजियाबाद स्थित मरियम नगर क्षेत्र में एक कमरा किराए पर ले रखा था, जहां पर वह विशाल, अंकुर और पुनित सक्सेना के साथ मिलकर कॉलिंग का काम करता था और ऑनलाइन होटल बुकिंग कराने के नाम पर लोगों से संपर्क कर उन्हें झांसे में लेकर उनसे रकम बैंक खातों में ट्रांसफर करवाते थे। विकर््म ने अपनी पत्नी के माध्यम से जय बिष्ट का खाता प्राप्त किया थाए जिसमें ठगी के 84000 रुपये प्राप्त हुए थे।