JKNEWS18/FARIDABAD : ग्रीन फील्ड कॉलोनी में डिलीवरी बॉय ने एक घर में घुसकर महिला और उसकी सास को चाकू दिखाकर सोने के आभूषण लूटने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-48 व एनआईटी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी सहायता व सूत्रों की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जिसकी पहचान वीरप्रताप सिंह उर्फ वीरू ;24द्ध निवासी गांव कुंभपुरा फतेहाबाद आगरा उत्तर प्रदेश हाल निवासी गणपति कॉलोनी फरीदाबाद के रूप में हुई है। प्रेस वार्ता के दौरान वरुण कुमार दहिया सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 ने बताया कि 28 अगस्त को ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 अगस्त वह और उसकी सास घर पर मौजूद थीं।
सुबह करीब 10 बजे एक युवक उनके घर आया और पार्सल रिसीव होने के संबंध में जानकारी लेकर वहां से चला गया। इसके बाद सुबह करीब 11.30 बजे एक अन्य युवक घर पर आया। शिकायतकर्ता की सास ने दरवाजा खोला और डिलीवरी बॉय समझकर वह अपनी बहू को बुलाने के लिए घर के अंदर चली गईं।
इसी दौरान कथित डिलीवरी बॉय घर के अंदर घुस गया और चाकू दिखाकर शिकायतकर्ता तथा उसकी सास को भयभीत कर उनके सोने के आभूषण लूटकर मौके से फरार हो गया। महिला की शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 अगस्त को आरोपी वीरप्रताप सिंह उर्फ वीरू को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है और वह पहले भी शिकायतकर्ता के घर पर कई बार पार्सल डिलीवर करने के लिए चुका था।
आरोपी को जानकारी थी कि घर पर अक्सर महिलाएं ही मौजूद रहती हैं। आरोपी ने बताया कि उसने 26 अगस्त की सुबह पार्सल डिलीवरी के बहाने घर पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आरोपी ने देखा कि उस समय घर पर कोई पुरुष मौजूद नहीं था और केवल महिलाएं ही थी।
इसके बाद वह दोबारा लूट की नीयत से घर पहुंचा और चाकू के बल पर शिकायतकर्ता तथा उसकी सास से सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गया। पुलिस टीम, आरोपी से गहन पूछताछ कर लूटे गए आभूषणों की बरामदगी तथा वारदात में प्रयुक्त चाकू के संबंध में कार्रवाई कर रही है।