JKNEWS18/FARIDABAD : होटल बुकिंग के नाम पर 1272103 रूपए की ठगी करने के आरोप में साइबर थाना सैंट्रल की टीम ने फोन कॉलर को गिरफ्तार किया है।
सेक्टर-16ए फरीदाबाद निवासी एक महिला ने साइबर थाना सैंट्रल में शिकायत दी जिसमें आरोप लगाया कि वो गूगल पर लेजमोन ट्री होटल्स में ऑनलाइन कमरा बुकिंग के लिए खोज कर रही थी तब उसे कस्टमर केयर का नंबर मिला।
जिस पर बात करने पर कथित कस्टमर केयर प्रतिनिधि ने क्रेडिट कार्ड से होटल बुकिंग पेमेंट करने को कहा लेकिन क्रेडिट कार्ड ना होने के कारण शिकायतकर्ता ने यूपीआई के जरिये 30000 रूपए पेमेंट की। जिसके बाद ठगों ने यूपीआई के जरिये पेमेंट करने से बुंकिग ना होने और 20 प्रतिशत डिस्काउट ना मिलने की बात कही।
ठग ने शिकायतकर्ता को पेमेंट वापिस करने के झांसे में लिया और विभिन्न ट्रांजेक्शन के माध्यम से होटल बुकिंग के लिए 12,72,103 रूपए ऐठ लिए। जिस शिकायत पर साइबर थाना सैंट्रल में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि साइबर थाना सैंट्रल की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी मुबारक खान निवासी गांव झाझपुरी जिला डींग, राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
पुछताछ में सामने आया कि आरोपी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बन कर बात करता था और उनको अपनी बातों में फंसा कर उनसे पैसे खाता में ट्रांसफर करवाता था तथा आरोपी 7 वीं पास है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।