JKNEWS18/FARIDABAD : फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराध के मामलों में आरोपियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी के निरन्तर में 5 रुपये के पुराने करेंसी नोटों को ऊंचे दाम पर खरीदने का झांसा देकर 1,02,267 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद निवासी डींग, जिला सिरसा के रूप में हुई है। जिसको पुलिस ने माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-8 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि उसने फेसबुक पर पुराने सिक्के बेचने से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को एक एक्सचेंज-बायर कंपनी से जुड़ा हुआ बताया।
आरोपियों ने शिकायतकर्ता को उसके पास मौजूद पुराने 5 रुपये के नोट को करीब 1 करोड़ रुपये में खरीदने का लालच दिया। इसके बाद अलग-अलग बहानों से शिकायतकर्ता से पैसे मांगे गए। आरोपियों ने टैक्स फीस, सिक्योरिटी फीस और कस्टम फीस के नाम पर शिकायतकर्ता से अलग-अलग खातों में कुल 1,02,267 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
इसके बाद जब शिकायतकर्ता को ठगी का एहसास हुआ तो उसने मामले की शिकायत साइबर थाना बल्लभगढ़ में दी। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने तकनीकी जांच और बैंक खातों में हुए लेन-देन की जानकारी के आधार पर मामले में संलिप्त खाताधारक विनोद को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 28,000 रुपये ट्रांसफर हुए थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी 8वीं कक्षा तक पढ़ा है और वर्तमान में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी की रकम के लेन-देन तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।