JKNEWS18/FARIDABAD : क्राइम ब्रांच एवीटीएस सिकरोना की टीम ने फॉच्र्यूनर चोरी करने तथा चोरीशुदा फॉच्र्यूनर से एसबीआई बैंक का एटीएम उखाडक़र ले जाने के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान मोहम्मद मोइन खान, मोसिम उर्फ बिल्ला और मकसूद उर्फ काला निवासी गांव धौज के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा फॉच्र्यूनर गाड़ी बरामद हुई है।
क्राइम ब्रांच एवीटीएस सिकरोना प्रभारी जगबीर सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक फखरुद्दीन, सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार, मुख्य सिपाही अनिल, सिपाही गुरप्रीत, सिपाही शाहरुख, सिपाही मनीष व सिपाही लोकेश की टीम ने कार्रवाई करते हुए तकनीकी सहायता वी मुखबर की सूचना के आधार पर थाना धौज क्षेत्र से तीनों आरोपियों को काबू कर यह सफलता हासिल की है।
एसीपी क्राईम अमन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि 12 अगस्त 2026 को मोसिम, मकसूद निवासी गांव धौज तथा 3 अन्य आरोपियों ने चोरी करने के लिए सेक्टर-16 पहुंचे थे। जहां पर अल सुबह उन्होंने एक फॉच्र्यूनर गाड़ी चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान फॉच्र्यूनर का शीशा तोड़ा गया तथा लैपटॉप की मदद से गाड़ी को स्टार्ट किया था।
घटनाक्रम के संबंध में सेक्टर 16 निवासी अनूप गर्ग की शिकायत पर थाना सेक्टर-17 में अभियोग दर्ज किया गया था। उन्होंने आगे बताया कि 13 अगस्त की रात मोसिम, मकसूद, मोईन व 3 अन्य आरोपी चोरीशुदा फॉच्र्यूनर में सवार होकर एटीएम उखाडऩे के लिए निकले थे। आरोपी कई स्थानों पर घूमते हुए छांयसा रोड पर एसबीआई बैंक के एटीएम के पास पहुंचे।
जहां पर आरोपियों ने फॉच्र्यूनर को एटीएम के सामने खड़ा किया और फिर एटीएम को बेल्ट की सहायता से फॉच्र्यूनर गाड़ी से बांधा और खींचकर एटीएम को उखाड़ कर गाड़ी की डिग्गी में रख लिया। एटीएम में लगे इन्वर्टर, बैटरी और कैमरे को भी आरोपियों ने उखाड़ लिया था। जिस संबंध में अनुराग यादव की शिकायत पर थाना छांयसा में मामला दर्ज किया गया था।
दोनों वारदातों को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच एवीटीएस सिकरोना व भूपानी की टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। एवीटीएस सिकरोना की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए तकनीकी सहायता व गुप्त सूत्रों की सूचना पर 17 अगस्त 2026 को थाना धौज क्षेत्र से मोहम्मद मोइन खान, मोसिम उर्फ बिल्ला और मकसूद उर्फ काला निवासी गांव धौज को गिरफ्तार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा फॉच्र्यूनर गाड़ी बरामद की गई है। मोहम्मद मोइन खान के विरुद्ध आम्र्स एक्ट, चोरी व जुआ अधिनियम के अंतर्गत तीन मामले दर्ज है। मोसिम उर्फ बिल्ला पर मारपीट का एक मामला दर्ज है मकसूद उर्फ काला के विरुद्ध लूट व जुआ अधिनियम सहित 4 मामले दर्ज हैं।