JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना एनआईटी की टीम ने टेलीग्राम पर टास्क पूरा कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर 3,22,000 की साइबर ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए बैंक खाताधारक सहित दो आरोपियों को गांव जमाराखिया पंजाब से 26 जुलाई को काबू किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि एनआईटी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके टेलीग्राम पर एक अज्ञात नंबर से संदेश प्राप्त हुआ। संदेश भेजने वाले ने टेलीग्राम पर विभिन्न टास्क पूरे कर मोटी कमाई कराने का लालच दिया। शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क पूरे करवाकर भरोसा बनाया गया और बाद में प्रीपेड टेलीग्राम टास्क के नाम पर निवेश करने के लिए कहा गया।
झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 16 व 17 नवंबर 2025 को कुल 3,22,000 निवेश कर दिए। इसके बाद न तो उसे कोई लाभ मिला और न ही उसकी जमा राशि वापस की गई। जिसकी शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान साइबर थाना एनआईटी की टीम ने तकनीकी विश्लेषण, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तरसेम निवासी फिरोजपुर पंजाब तथा राकेश निवासी फाजिल्का पंजाब को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी तरसेम बैंक खाताधारक है।
उसने अपना बैंक खाता राकेश को उपलब्ध कराया था, जबकि राकेश ने यह खाता आगे साइबर ठगों को इस्तेमाल के लिए दे दिया। जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की राशि में से 7,000 उक्त बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के बैंक खाते के संबंध में फाजिल्का फरीदाबाद और बेलगांव से कुल तीन साइबर शिकायतें दर्ज हैं।
प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार तरसेम 12वीं पास है और अपने गांव में सीएससी संचालित करता है। वहीं राकेश बीएड पास है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।