JKNEWS18/FARIDABAD : पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस द्वारा 24 से 26 जुलाई 2026 तक विशेष वीकेंड अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जिलेभर में अपराधियों, नशा तस्करों, अवैध शराब तस्करों, जुआ तथा उद्घोषित अपराधियों के विरुद्ध व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। पुलिस प्रवक्ता में जानकारी देते हैं बताया कि अभियान के दौरान पुलिस की विभिन्न थाना एवं अपराध शाखा टीमों ने 185 आरोपियों को काबू किया। इसके साथ ही 139 उद्घोषित अपराधियों एवं जमानत पर फरार आरोपियों पर भी कार्रवाई की गई है।
वहीं पुलिस ने 37 गुमशुदा व्यक्तियों को तलाश कर सकुशल उनके परिजनों से मिलाने में सफलता प्राप्त की, जिससे परिवारों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस की टीमों द्वारा 23 किलोग्राम से अधिक गांजा, दो देसी कट्टे, 464 बोतल देशी शराब तथा 160 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
इसके अलावा जुआ खेलने और खिलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 3,19,880 की नकदी बरामद की गई। अभियान के दौरान विभिन्न कानूनों के तहत दर्ज मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 3 मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इसी प्रकार अवैध हथियार के 2 मामलों, आबकारी अधिनियम के 20 मामलों तथा जुआ अधिनियम के 17 मामलों में भी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई। फरीदाबाद पुलिस द्वारा इससे पहले भी 10 से 12 जुलाई तथा 17 से 19 जुलाई 2026 तक दो विशेष वीकेंड अभियान चलाए जा चुके हैं। इन अभियानों में भी अपराधियों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की गई थी।
तीनों वीकेंड अभियानों को मिलाकर अब तक 850 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन अभियानों के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध नशीले पदार्थ, अवैध हथियारए अवैध शराब तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद कर अपराधियों के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया गया है।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करने के साथ-साथ आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। अपराध, नशा, हथियार, अवैध शराब और जुए जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।