JKNEWS18/FARIDABAD : फरीदाबाद पुलिस ने मारपीट के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। दोनों मामलों में आरोपियों ने पुरानी रंजिश और मुकदमा वापस लेने के दबाव में वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
शिकायतकर्ता निशांत वासी गाजियाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 3 अप्रैल 2026 को वह अपने भाई सोनू और अन्य के साथ कार में फरीदाबाद से गाजियाबाद लौट रहा था। रास्ते में रामवीर का फोन आया, जिसने उसे सरूरपुर में मिलने के लिए बुलाया। वहां पहुंचने पर गौरव त्यागी, सौरव त्यागी और उनके 7-8 साथी पहले से मौजूद मिले।
शिकायतकर्ता की इन लोगों से पहले से रंजिश चली आ रही थी। शिकायत के मुताबिक, वहां से निकलने के बाद आरोपियों ने उनकी कार का पीछा किया और सेक्टर-55 स्थित फायर ऑफिस के पास उनको घेर लिया और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें शिकायतकर्ता और उसके भाई को चोटें आईं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और पुलिस चौकी सेक्टर-55 की टीम ने समीर मलिक निवासी गांव फतेहपुर तगा को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया है कि शिकायतकर्ता करीब 6 साल पहले करनेरा गांव में रहता था जहां पर सौरव व गौरव से उसकी कहासुनी उपरांत रंजिश चल रही थी। इसके बाद में वह और उसका भाई यहां से निकलकर गाजियाबाद रहने लग गए थे।
3 अप्रैल को शिकायतकर्ता, अपने भाई व अन्य के साथ फरीदाबाद आया था। इस दौरान मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था।पूछताछ में समीर मलिक ने स्वीकार किया कि वह गौरव, सौरव और अन्य साथियों के साथ मौके पर मौजूद था। गौरव और सौरव की शिकायतकर्ता से पुरानी रंजिश थी,
जिसके चलते उसने भी अन्य आरोपियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता और उसके भाई के साथ मारपीट की थी। मामले में एक अपचारी बालक सहित गौरव, सौरव, सलमान और अखिलेश को पहले ही काबू किया जा चुका है। दूसरे मामले में पुलिस चौकी सीकरी की टीम ने राजा भाटी, निवासी गांव गंगरोल, जिला बुलंदशहर उत्तर प्रदेश हाल निवासी गड्डा कॉलोनी, गांव जाजरू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गुलशन तिवारी ने अपनी शिकायत में बताया कि वह गांव जाजरू स्थित अपने मेडिकल स्टोर पर मौजूद था। इसी दौरान उसका पड़ोसी राजा भाटी हाथ में डंडा लेकर दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। आरोपी ने दुकान के काउंटर पर डंडे से वार किया और पहले से दर्ज मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया।
विरोध करने पर वह दुकान के अंदर घुस गया और शिकायतकर्ता के सिर पर डंडे से हमला कर उसे घायल कर दिया। जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले आरोपी के भाई सौरव और शिकायतकर्ता के बीच विवाद हुआ था।
जिस पर उसने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की थी, जिस संबंध में थाना सेक्टर 58 में मुकदमा दर्ज है, उस मुकदमा को वापस लेने के लिए वह मेडिकल स्टोर पर शिकायतकर्ता के पास गया था। शिकायतकर्ता के मुकदमा में वापस लेने से इनकार कर दिया, जिस पर उसने गुस्से में शिकायतकर्ता पर हमला कर दिया था।