JKNEWS18/FARIDABAD : अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने एल-1 शराब गोदाम के 12.50 लाख रुपये लेकर फरार हुए कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। वह कई दिनों से पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए राजस्थान के कोटपुतली में अपने एक परिचित के यहां छिपा हुआ था। फरीदाबाद लौटते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने रकम की बरामदगी और मामले की गहन पूछताछ के लिए आरोपी का एक दिन का पुलिस रिमांड पर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद पासवान निवासी केशव भाटी सोसायटी, बल्लभगढ़ के रूप में हुई है। जिसको 16 जुलाई को सोसाइटी से ही गिरफ्तार किया है।
फरीदाबाद पुलिस अनुसार आशुतोष कुमार, हेड कैशियर सेक्टर-27 सी फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि फर्म की नकदी बैंक में जमा कराने की जिम्मेदारी कर्मचारी विनोद पासवान को दी गई थी। जिसके चलते 4 जुलाई को उसे 7.50 लाख रुपये तथा 11 जुलाई को 5 लाख रुपये नकद दिए गए थे।
इस प्रकार कुल 12.50 लाख रुपये फर्म के खाते में जमा कराने के लिए आरोपी को सौंपे गए थे। 13 जुलाई को फर्म के रिकॉर्ड की जांच के दौरान पता चला कि उक्त राशि बैंक खाते में जमा ही नहीं कराई गई है। जब शिकायतकर्ता ने विनोद से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। उसके घर जाकर पता किया गया तो वह वहां से भी गायब था।
इसके बाद थाना सराय ख्वाजा में शिकायत के आधार पर अमानत में खयानत सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच अपराध शाखा ऊंचा गांव को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
पूछताछ में सामने आया कि विनोद पहले भी कई बार फर्म की नकदी बैंक में जमा कर चुका था, जिससे कंपनी का उस पर विश्वास था। इसी विश्वास का फायदा उठाते हुए उसने 4 और 11 जुलाई को मिली कुल 12.50 लाख रुपये की नकदी बैंक में जमा कराने के बजाय अपने पास रख ली और फरीदाबाद से फरार हो गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए राजस्थान के कोटपुतली में अपने एक परिचित के यहां छिपकर रह रहा था। जैसे ही वह गुरुवार को फरीदाबाद वापस लौटा, अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया, जहां से रकम की बरामदगी व मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाने के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस टीम पूछताछ कर गबन की गई पूरी राशि बरामद करने का प्रयास कर रही है।