JKNEWS18/FARIDABAD : निवेश पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास मलिक निवासी रामपुरा जिला रेवाड़ी हरियाणा के रूप में हुई है। आरोपी को 3 जून 2026 को पंचकूला से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-15ए, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि उसे एक अज्ञात मोबाइल नंबर द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में मौजूद लोगों द्वारा उसे निवेश करने पर अधिक लाभ कमाने का लालच दिया गया।
झांसे में आकर उसने 10 मार्च से 17 मार्च 2026 के बीच ठगों द्वारा बताए गए बैंक खाते में कुल 1,60,000 रुपये निवेश के नाम पर ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब उसको अपने निवेश पर कोई लाभ नहीं मिला और न ही उसकी राशि वापस हुईए तब उसे अपने साथ साइबर ठगी होने का अहसास हुआ।
इसके बाद उसने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मामले में संबंधित बैंक खाते का खाताधारक है, जिसके खाते में ठगी की गई राशि 1,60,000 रुपये प्राप्त हुई थी। आगे की पूछताछ में पता चला कि आरोपी पंचकूला में सिक्योरिटी गार्ड का कार्य करता है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।