JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर अपराधियों द्वारा खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर एक वरिष्ठ नागरिक से लगभग 1 करोड़ 24 लाख 45 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक खाताधारक को 3 जून को जयपुर से गिरफ्तार किया है।
जिसकी पहचान अमित निवासी आदर्श नगर रायपुर राजस्थान हाल निवासी त्रिपोलिया बाजार, जयपुर राजस्थान के रूप में हुई है। जिसको आगामी पूछताछ के लिए 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-85 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 मार्च 2026 को उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया,
जिसने स्वयं को सीबीआई अधिकारी बताया। जिसने कहा कि शिकायतकर्ता के नाम से बेंगलुरु में एक बैंक खाता संचालित हो रहा है, जिसका उपयोग मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में किया गया है।
ठगों ने उसको गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाते हुए कहा कि उसकी संपत्ति एवं बैंक खातों में जमा धनराशि को जांच एवं सत्यापन के लिए सीबीआई तथा सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार निर्धारित खातों में जमा कराना होगा और जांच पूर्ण होने के बाद वापस कर दी जाएगी।
विश्वास में लेने के लिए आरोपियों ने आयकर विभाग तथा सर्वोच्च न्यायालय की मोहर लगे फर्जी दस्तावेज भी भेजे। ठगों के झांसे में आकर उसने अप्रैल 2026 में अपने विभिन्न बैंक खातों से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1,24,45,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसने अपनी धनराशि वापस लेने के लिए ठगों से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनके सभी मोबाइल नंबर बंद मिले।
शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि अमित खाताधारक है, जिसने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया हुआ था। खाते में ठगी गई रकम के लगभग 32 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। आरोपी कीमती पत्थरों के व्यापार का काम करता है।