JKNEWS18/FARIDABAD : फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध नशा व नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। 3 जून को फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच की 10 टीमों द्वारा राजीव कॉलोनी, सेक्टर-56 क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कांबिंग, सर्चिंग की गई। इस दौरान महिला कर्मचारियों सहित 100 के करीब पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।
क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर प्रभारी द्वारा टीमों का नेतृत्व किया गया। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण दहिया के मार्गदर्शन में फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखाओं की नशा तस्करों पर कार्रवाई जारी है। 3 जून की अल सुबह अपराध शाखाओं की 10 टीमों द्वारा राजीव कॉलोनी सेक्टर 56 क्षेत्र में कांबिंग, सर्चिंग की गई।
डॉग स्क्वायड की टीम द्वारा भी सर्चिंग की गई। इस दौरान क्राइम ब्रांच की टीमों द्वारा 3-4 संदिग्ध व्यक्तियों को डिटेन कर पूछताछ की गई है। न्होंने आगे बताया कि अपराध शाखाओं की टीम ने कांबिंग, सर्चिंग से पहले, 2 जून को राजीव कॉलोनी से संबंधित नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से 2 किलो 990 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
2 जून को अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने निर्मल कुमार निवासी गांव उत्तमगंज भागलपुर बिहार को 2 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ आशियाना फ्लैट सेक्टर 56 के पास से काबू किया। जिसने पूछताछ में बताया कि मथुरा से गांजा लेकर आया था और राजीव कॉलोनी में देना था। जिसको पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
इसी अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने रोहित निवासी राजीव कॉलोनी को 430 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। वहीं एवीटीएस सिकरौना टीम ने राजीव कॉलोनी निवासी एक महिला को 460 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।