JKNEWS18/FARIDABAD : पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम हिमाद्री कौशिक के नेतृत्व में फरीदाबाद पुलिस की साइबर थानों की टीम द्वारा साइबर अपराध में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में साइबर थाना सैंट्रल की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 72,74,882 रुपये की ठगी के एक मामले में खाताधारक सहित 3 आरोपियों को 21 मई को रामपुर व बरेली से गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान संजीव व आसिफ निवासी जिला रामपुर उत्तर प्रदेश व जावैद निवासी जिला बरेली उत्तर प्रदेश के रुप में हुई है।
जिनको माननीय न्यायलय में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-81, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सैंट्रल में शिकायत दर्ज करवाई कि 26 सितम्बर 2025 को उसके व्हाट्सएप पर शेयर मार्केट में निवेश से संबंधित एक मैसेज प्राप्त हुआ फिर उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां निवेश से संबंधित जानकारी दी जाती थी।
ठगों द्वारा उसे एक एप का लिंक भेजकर खाता खुलवाया गया तथा अधिक लाभ का लालच देकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। पीडि़त ने ठगों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में कुल 72,74,882 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसने अपनी राशि निकालने का प्रयास किया तो उससे और पैसे जमा करने की मांग की गई।
ठगी का एहसास होने पर पीडि़त ने साइबर थाना सैंट्रल में शिकायत दर्ज करवाई, जिस पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि संजीव का एस के इंटरप्राइजेज नाम से फर्म का खाता है, जिसने अपनी फर्म का खाता आसिफ व जावैद को दिया था। फर्म के खाते में ठगी के 5 लाख रुपये आये थे। संजीव ग्रेजुएट, आसिफ 8वीं व जावैद 9वीं पास है। संजीव का खुद का सीएचसी सेंटर है वहीं आसिफ व जावैद कपडे की दुकान पर काम करते है।