JKNEWS18/FARIDABAD : अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने बीती रात्रि को संदीप उर्फ चेंटा निवासी गांव मच्छगर को थाना छांयसा के अंतर्गत गांव फज्जूपुर क्षेत्र में अंडरपास के नजदीक मुठभेड़ के बाद काबू करने में सफलता हासिल की है। आरोपी थाना सेंट्रल के अंतर्गत सेक्टर-12 कोर्ट मोड स्थित चंदीला फूड होटल पर 20 मई की सुबह कर्मचारी के साथ मारपीट करने व पिस्टल तानकर हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था।
एसीपी क्राईम वरुण कुमार दहिया ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि 21 मई की रात्रि, अपराध शाखा उंचा गांव की टीम को गुप्त सूत्रों से आरोपी की मोटरसाइकिल से गांव चांदपुर-अटाली रोड पर आने की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर अपराध शाखा की टीम ने गांव चांदपुर-अटाली रोड पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर आ रहे आरोपी को रोकने का प्रयास किया लेकिन वह भागने लगा, जिस पर टीम ने उसका पीछा किया। पीछा करते समय उसने पुलिस टीम पर 3 राउंड फायर किये। 1 फायर गाड़ी व 2 फायर पुलिस टीम पर किये गये। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संदीप उर्फ चेंटा के बांए पैर में गोली लगी।
जिसको इलाज के लिये सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली में दाखिल कराया गया है, जिसकी स्थिति सामान्य है। मौका से 1 देसी पिस्टल व 3 खाली खोल व स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है। आरोपी का आपराधिक रिकार्ड भी है। उस पर लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, लड़ाई झगड़ा व शस्त्र अधिनियम सहित 7 से अधिक मामले भिवाड़ी राजस्थान करनाल व फरीदाबाद में दर्ज हैं।