JKNEWS18/FARIDABAD : फॉरेक्स ट्रेडिंग व फिल्म प्रोडक्शन में निवेश के नाम पर करीब 31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में साईबर थाना एनआईटी की टीम ने पति-पत्नी को मुम्बई से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार अमित निवासी सेक्टर-88 फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हिमान्शु शर्मा, एसजीएम नगर स्थित फॉरेक्स एजुकेशन इंस्टीट्यूट नाम से एक कंपनी संचालित करता था।
फॉरेन एक्सचेंज ट्रेडिंग और फिल्मों में पैसा लगाकर हर महीने 3 प्रतिशत तक मुनाफा कमाने के लिये लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करता था और अपने भाई दिवान्शु शर्मा (फिल्मों अभिनेता) के नाम और फिल्मों का हवाला देकर लोगों का विश्वास जीतता था। वर्ष 2019 से आरोपीगण ने अलग-अलग लोगों से करोड़ों रुपये निवेश करवाये।
शुरुआत में निवेशकों को मुनाफा देकर भरोसे में लिया गया तथा बाद में बड़ी रकम एकत्रित की गई। वर्ष 2020 में मैसर्स करेंसी कंसलटेंट प्राइवेट लिमिटेड नाम से एक नई कंपनी नेहरू प्लेस नई दिल्ली में खोली और निवेशकों से और अधिक धनराशि एकत्रित की। कुछ समय तक मुनाफा देने के बाद मई 2023 में आरोपी अपने कार्यालय व घर बंद कर परिवार सहित फरार हो गए।
इस दौरान अलग-अलग लोगों से करीब 31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। शिकायत पर थाना एसजीएम नगर में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घटनाक्रम के संबंध में आर्थिक अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने हिमांशु शर्मा निवासी एसजीएम नगर व उसकी पत्नी को 19 मई को मुंबई से गिरफ्तार कर 2 दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया जाकर 21 मई को माननीय अदालत फरीदाबाद में पेश किया गया, जहां से 4 दिन पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।