JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर हुई 6,60,500 रुपये की ठगी के मामले में बैंक खाता उपलब्ध करवाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान अभिषेक कुमार निवासी गांव इंदौर जिला रोहतास बिहार के रुप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-8, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने फेसबुक पर शेयर मार्केट में निवेश संबंधी एक विज्ञापन देखा। जिसके बाद उसे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। जहां पर उसने निवेश करना चाहा। ठगों ने उसको प्ले स्टोर से एप्लिकेशन डाउनलोड करने के लिये कहा गया।
एप्लिकेशन में लॉगिन करने के बाद उसने विभिन्न खातों में कुल 6,60,500 रुपये निवेश के लिए ट्रांसफर कर दिये। उसके ट्रैडिंग अकाउंट में 30 लाख रुपये का दिखाया जाने लगा, जिसके नाम पर उस पर और पैसे जमा करवाने का दबाव बनाया गया। पैसे न देने पर उसे पुलिस कार्रवाई का डर भी दिखाया गया।
जिस पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ठगों के लिए खाता उपलब्ध करता था, जिसने खाताधारक प्रशांत का खाता लेकर आगे दिया था, उक्त खाता में ठगी के 235500 रूपए आये थे। माननीय अदालत में पेश कर आरोपित को 5 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है।