JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने पानी का बिल भरने के नाम पर एपीके फाइल भेजकर 15,34,699 रुपये की ठगी करने के मामले में फोन करके एपीके फाईल भेजने वाले आरोपी संजीत कुमार निवासी गांव दोंदिया नवाडीह, हाल नदरालय हायगढ़ कुण्डा, जिला देवघर झारखंड को उसके निवास स्थान से 18 मई को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि संजीत कुमार ने शिकायतकर्ता के पास पानी का बिल भरने के लिये कॉल की थी और फिर उसने शिकायतकर्ता के पास एक एपीके फाइल भेजकर बैंक खाता डिटेल व अन्य जानकारी भरने के लिये कहा था। वह 12वीं पास है। जिसको माननीय अदालत में पेश कर 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
बता दें कि सेक्टर-9 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनका अपना स्कूल है। उन्होंने अपने स्कूल के बैंक खाते में अकाउंटेंट रघुवीर का मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड करवाया हुआ है। 9 दिसंबर को अकाउंटेंट ने बताया कि लिंक मोबाइल नंबर पर लगातार ट्रांजेक्शन संबंधी आ रहे हैं तथा खाते से पैसे कटने के मैसेज प्राप्त हो रहे हैं। जांच करने पर पता चला कि स्कूल के खाते से 15,34,699 रुपये की राशि निकल चुकी है। घटनाक्रम के संबंध में थाना साइबर बल्लभगढ़ में अभियोग पंजीकृत किया गया था।