JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने 45,308 रुपये की ठगी के एक मामले में मुख्य आरोपी सहित 5 को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान भगवान सिंह, देवा गुर्जर, बिजेंद्र, धीरज व मनीष निवासी जिला करौली राजस्थान के रुप में हुई है। जिनको 8 मई को लोटस व्हाईट सोसायटी जगतपुरा जयपुर से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि भगवान सिंह इस गिरोह का सरगना है। गिरोह के सदस्य इंस्टाग्राम व टिंडर ऐप पर लडकी की फोटो लगाकर फेक प्रोफाइल बनाते थे और जब भी कोई उनकी प्रोफाइल पर बात करता तो पहले उसे लुभाते फिर उससे सेक्स चैट करते तथा जब कॉल पर बात करनी होती तो भगवान सिंह लडकी की आवाज में बात करता था।
देवा गुर्जर, बिजेंद्र व धीरज सेक्स चैट करते थे। मनीष गिरोह के लिये खाता उपलब्ध कराता था। इस घटनाक्रम में भी आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ ऐसा ही किया और फिर पुलिस अधिकारी बनकर फोन कर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। जिनको माननीय न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
बता दें कि ओल्ड फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में अभियोग पंजीकृत किया गया था, जिसमें बताया गया कि 20 जनवरी को शिकायतकर्ता के पास एक कॉल आई, जिसने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और फ्रॉड ट्रांजेक्शन के मामले में एफआईआर दर्ज होने और सेक्स चैट करने का भय दिखाकर मामले से बचने के नाम पर उससे पैसों की मांग की गई, जिस पर ठगों द्वारा बताए गये बैंक खाते में शिकायतकर्ता ने 45,308 रुपये ट्रांसफर कर दिये थे।