JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना एनआईटी की टीम ने फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर एक डॉक्टर से लगभग 4.43 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में खाताधारक अतुल कुमार निवासी शहवार कासगंज उत्तर प्रदेश हाल निवासी विष्णु गार्डन, दिल्ली को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार 24 अक्टूबर 2025 को सेक्टर-9 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी एक डेटिंग वेबसाइट पर एक युवती से बातचीत हुई, जिसके बाद व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से भी संपर्क बना रहा। युवती ने बताया कि वह और उसका भाई फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाते हैं।
इसके बाद ठगों द्वारा उसका निवेश वेबसाइट पर अकाउंट बनवाया गया। अप्रैल से जून 2025 के बीच उसने विभिन्न ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 4,43,68,974 रुपये निवेश कर दिये। जब उसने अपनी राशि निकालने का प्रयास किया तो वह पैसे नहीं निकाल सका। इस पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि वह खाताधारक है, उसने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवाया था। वह डिलीवरी बॉय का काम करता है। जिसको माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जिसके खाते में ठगी की राशि के 7.5 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।