JKNEWS18/FARIDABAD : हरियाणा सरकार में राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने आज जिला अस्पताल में हार्ट सेंटर का उद्घाटन किया। उनके साथ नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जयंत आहूजा भी मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि कहा कि हृदय रोग से संबंधित इलाज आम आदमी के लिए महंगा होता है, लेकिन अब बीके अस्पताल में कम खर्च में आधुनिक उपचार उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि जहां निजी अस्पतालों में स्टेंट लगाने का खर्च दो लाख रुपये तक होता हैए वहीं यहां यह सुविधा किफायती दरों में उपलब्ध होगी।
इसी प्रकार हृदय से संबंधित विभिन्न जांचें भी बाजार दर से काफी कम शुल्क पर की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले एक वर्ष के भीतर अस्पताल के मौजूदा ढांचे में बड़े स्तर पर विस्तार किया जाएगा तथा प्रदेश सरकार द्वारा बजट में लिए गए निर्णय के अनुसार फरीदाबाद में 200 से 400 बेड का नया आधुनिक अस्पताल भी स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और फरीदाबाद को चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में अग्रणी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि बीके अस्पताल केवल फरीदाबाद ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों के लिए जीवन रेखा है।
इसलिए यहां सुविधाओं का विस्तार करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा घोषित योजना के अनुसार डायलिसिस की सुविधा प्रदेश में नि:शुल्क की गई है और बीके अस्पताल में पिछले एक वर्ष से बड़ा डायलिसिस सेंटर सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर विश्वास न करें, बल्कि सरकारी अस्पतालों में मिल रही सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आवश्यक उपकरण, भवन मरम्मत, नई मशीनें और अन्य रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी सरकार द्वारा चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
इसके अलावा अस्पताल में शव वाहन की सुविधा भी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी ताकि जरूरतमंद परिवारों को परेशानी न हो। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया की पलवल के सरकारी अस्पताल की तर्ज पर फरीदाबाद के जिला अस्पताल परिसर में भी शीघ्र ही महाकाल रसोई शुरू की जाएगी,
जहां मरीजों के परिजनों को मात्र 10 रुपए की रियायती दर पर भोजन मिलेगा तथा प्रारंभिक चरण में जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल के बाहर की आधारभूत सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लगभग 2 करोड़ 10 लाख की लागत से सडक़, सीवरेज और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं और अगले कुछ दिनों में इनका कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।