JKNEWS18/FARIDABAD : बीते 14 मार्च को थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र में दो जगह पर फायरिंग कर हिस्सेदारी/रंगदारी मांगने के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने 18 मार्च की रात्रि को आईएमटी क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद 2 आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की है। जिनकी पहचान अनिल उर्फ खान निवासी गांव मच्छगर व मनीष निवासी गांव चंदावली के रूप में हुई है।
एसीपी क्राईम-2 वरुण कुमार दहिया ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 14 मार्च की रात्रि को आरोपियों ने सेक्टर-68 चंदावली आईएमटी रेड लाइट पर स्थित ठेका पर फायरिंग कर 10 प्रतिशत की हिस्सेदारी मांगी थी, उसके कुछ देर उपरांत इन्होंने गांव मच्छगर स्थित एक कार्यालय पर फायरिंग कर 50 लाख की रंगदारी मांगी थी।
घटनाक्रम के संबंध में ठेका संचालक व कार्यालय के ओनर की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में अलग-अलग मामले दर्ज किये गये थे। उन्होंने आगे बताया कि घटनाक्रम की गंभीरता के मद्देनजर अपराध शाखा ऊंचा गांव, सेक्टर-65 व सेक्टर 85 की तीन टीम में गठित की गई।
18 मार्च को रात्रि के समय अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम को गुप्त सूत्रों से आरोपियों बारे सोतई नहर पुल रोड से आईएमटी होते हुए गांव मच्छगर की तरफ आने की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर अपराध शाखा ऊंचा की टीम ने आईएमटी क्षेत्र में निर्माणाधीन इंडियन ऑयल भवन के पास नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर आ रहे आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो भागने लगे।
आरोपी मनीष को काबू कर लिया गया, दूसरे आरोपी अनिल ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर 3 राउंड फायर किये, जवाबी कार्रवाई में अनिल के दाहिने पैर में गोली लगी। जिसको इलाज के लिए सिविल अस्पताल फरीदाबाद में दाखिल कराया गया है जिनकी स्थिति सामान्य है।
मौका से 1 देसी पिस्टल व 2 जिंदा राउंड, 3 खाली खोल व मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घटनाक्रम के संबंध में थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कराया गया है।
आरोपी अनिल निवासी गांव मच्छगर का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड है, जिस पर लूट, डकैती, हत्या का प्रयास व शस्त्र अधिनियम सहित 12 मामले दर्ज है। जिसको जुलाई 2025 में थाना सदर बल्लभगढ के एक हत्या के प्रयास के मामले में क्राईम ब्रांच उंचा गांव की टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। करीब 2 महीने पहले ही वह जेल से बाहर आया था। वहीं मनीष 12वीं कक्षा का छात्र है।