JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने टाटा प्ले कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर 11,14,767 रुपये की ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए खाताधारक अनुपम मिश्रा निवासी गांव खम्हरिया उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-29, फरीदाबाद वासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने टाटा प्ले कनेक्शन का रिचार्ज कराया थाए लेकिन खाते से पैसे कटने के बावजूद रिचार्ज नहीं हुआ। इसके पश्चात उसने गूगल पर टाटा प्ले कस्टमर केयर नंबर सर्च किया और उस नंबर पर संपर्क किया।
बातचीत के दौरान ठगों ने स्वयं को कस्टमर केयर कर्मचारी बताते हुए शिकायतकर्ता को एक एपीके फाइल का लिंक भेजा और उसे डाउनलोड करवा लिया। फाइल डाउनलोड होते ही शिकायतकर्ता के खाते से 11,14,767 रुपये की राशि कट गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अनुपम मिश्रा ने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी की राशि में से 6,99,000 रुपये आए थे। आरोपी 12वीं पास है तथा बेरोजगार है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।