JKNEWS18/FARIDABAD : जयपुर के भव्य अनंत महल होटल में आयोजित मिसेज इंडिया द गॉडेस सीजन-3 के ग्रैंड फिनाले में ग्रेटर फरीदाबाद की मनीषा अग्रवाल ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उन्होंने फाइनलिस्ट सूची में स्थान बनाते हुए मिसेज़ फेयरलेस फ्लेम 2026 का खिताब अपने नाम किया।
यह सफलता नारी शक्ति, आत्म विश्वास और गरिमा का सशक्त परिचय है मधुकमल मोशन पिक्चर्स द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ने यह सिद्ध किया कि आधुनिक भारतीय नारी केवल सौंदर्य की प्रतीक ही नहीं, बल्कि आत्मबल, बुद्धिमत्ता और नेतृत्व क्षमता का सशक्त स्वरूप भी है।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 7 से 10 जनवरी तक चार दिवसीय कठोर एवं अनुशासित प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें देशभर से चयनित 40 प्रतिभाशाली महिलाओं ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि पूरे देश में लगभग 600 ऑडिशन के बाद इन 40 प्रतिभागियों का चयन किया गया।
11 जनवरी को जयपुर स्थित जी स्टूडियो में ग्रैंड फिनाले का आयोजन हुआ। अंतरराष्ट्रीय ज्यूरी पैनल में मिस वल्र्ड बुल्गारिया 2025 थियोडोरा मिल्टेनोवा और मिस ग्रैंड इंटरनेशनल मिलेशा लिन शामिल रहीं।
फिनाले के दौरान मनीषा अग्रवाल ने अपने गरिमामय व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को विशेष रूप से प्रभावित किया। वे 600 प्रतिभागियों में से गोल्ड श्रेणी की फाइनलिस्ट रहीं और प्रतिभा दौर में मिसेज फेयरलेस फ्लेम के सम्मान से नवाजी गईं।