JKNEWS18/ALIGARH : अलीगढ़ नागरिकों को आपदा के प्रति जागरूक और तैयार करने के लिए नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में 23 जनवरी की शाम 6 बजे ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश दिवस और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर होने वाले इस अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी के साथ सायरन बजाया जाएगा और कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद कर सुरक्षित स्थलों पर शरण लेने का अभ्यास होगा।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नेतृत्व में आयोजित इस ड्रिल के दौरान आग बुझाने, घायलों का उपचार करने और क्षतिग्रस्त भवनों से रेस्क्यू करने जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा। एडीएम किंशुक श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि इस मॉक ड्रिल में पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य और नगर निगम सहित कई विभागों की टीमें शामिल होंगी।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सायरन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं और न ही किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान दें क्योंकि यह केवल एक सुरक्षा अभ्यास है।
इस ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में प्रशासनिक तैयारियों को परखना और आम नागरिकों को आत्मरक्षा के गुर सिखाना है ताकि भविष्य में किसी भी वास्तविक आपदा के समय जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।