JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना एनआईटी की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर की गई ठगी के एक मामले में चार आरोपियों को जयपुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-21 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई जिसमें आरोप लगाया कि 21 अगस्त को टेलीग्राम ऐप के माध्यम से उसकी बातचीत एक महिला से हुईए जिसने स्वयं को फॉरेक्स एक्सचेंज से जुड़ी टीम का सदस्य बताया।
महिला द्वारा भेजे गए लिंक के माध्यम से उसने एक अकाउंट बनाया और निवेश करना शुरू किया। ठगों के झांसे में आकर उसने कुल 3,51,050 रुपये का निवेश कर दिया। जब उसने निवेश की गई राशि निकालने की मांग की तो ठग महिला ने 10 लाख रुपये निवेश करने के बाद ही राशि निकालने की शर्त रख दी।
इस पर शिकायतकर्ता को ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना एनआईटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए दीपक ताखर व यश ताखर निवासी गांव डालियावास जिला सीकर हाल मोहन नगर जयपुर, लोकेश वासी कुरथल, अजमेर व सुजान सिंह कुशवाहा निवासी नसीरपुर जिला गुणा मप्र हाल लक्ष्मी नगर जयपुर राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दीपक व यश ने सुजान सिंह के नाम से बैंक खाता खुलवाया था, जिसमें यश का फोटो बैंक में दिया था। इसके बाद यह खाता आरोपी लोकेश को सौंप दिया गया। लोकेश उक्त खाते को ऑपरेट करता था और खाते में प्राप्त राशि में से कमीशन रखकर बाकी रकम को कन्वर्ट कर ठगों को भेज देता था।
आरोपी दीपक और लोकेश की आपसी पहचान जयपुर में हुई थी। आरोपी दीपक व यश सगे भाई है। माननीय अदालत में पेश कर आरोपी लोकेश, यश व सुजान को जेल भेजा गया, वहीं आरोपी दीपक को 2 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है।