JKNEWS18/FARIDABAD : हरियाणा पुलिस द्वारा 1 दिसंबर से ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत अवैध नशाए अवैध हथियार, शराब, जुआ, सट्टा व संगीन अपराधियों पर कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस इस ऑपरेशन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रही है, पिछले 24 दिन में 1097 ठिकानों पर छापेमारी कर 238 आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है। इस दौरान 139 मामले दर्ज कर 29 देसी कट्टा, 4 पिस्टल, 8 कारतूस, 23 किलो 723 ग्राम गांजा, 22.95 ग्राम स्मैक, 1663 बोतल देसी, 312 बोतल अंग्रेजी शराब, जुआ के 31970 रुपए बरामद किये हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 24 दिसंबर को क्राईम ब्रांच एवीटीएस-1 की टीम ने भीम वासी डबुआ कॉलोनी फरीदाबाद को 1.150 किलोग्राम गांजा सहित गाजीपुर रोड डबुआ से गिरफ्तार किया है। इसी प्रकार अवैध हथियार रखने के एक मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने प्रिंस उर्फ काले निवासी गांव कुरैशीपुर फरीदाबाद को बीपीटीपी चौक बाईपास रोड के पास से एक देशी कट्टा सहित गिरफ्तार किया है।
वहीं सट्टा खाई के एक मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने मंगेश उर्फ मंगू निवासी गांव मोहना हाल जैतपुर दिल्ली को अजय नगर पल्ला में सट्टा खाई करते हुए गिरफ्तार किया और 10400 रूपए बरामद किये।
फरीदाबाद पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई करने के साथ-साथ मानवीय व सामाजिक कार्य भी कर रही है। फरीदाबाद पुलिस ने सर्दी के मौसम में 503 के करीब जरूरतमंदों को सहायतार्थ कंबल वितरित किये गये तथा स्लम क्षेत्र में बच्चों को जूते, चप्पल भी वितरित किए गए हैं।