JKNEWS18/FARIDABAD : लाईफ इंश्योरेंस पॉलिसी करने के नाम पर 4 लाख रुपये की ठगी के मामले में साईबर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि राम कालोनी सरूरपुर फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसने एक्सा लाईफ इन्सोरेन्स से एक पॉलिसी ली थी।
दो साल तक किस्त जमा करने के बाद वह और किस्त जमा करने में असमर्थ था। फिर उसके पास भारतीय एक्सा लाईफ इन्सोरेन्स लोकपाल नाम से एक फोन आया। जिस पर बात कर रही महिला ने शिकायतकर्ता को अपनी बातो में फंसाकर उससे 4,00,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
जिस शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। उन्होंने आगे बताया कि मामलें में कार्रवाई करते हुए साईबर थाना एनआईटी की टीम ने विजय कुमार वासी गांव हबीबपुर सीकरी जिला मुजफ्फरनगर उ0प्र0 को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि विजय ने अपने मामा सचिन कुमार का खाता लेकर आगे ठगों को दिया था, आरोपी 10वीं पास है और बहादुरगढ में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम करता है। मामले में पहले सचिन कुमार सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है।