JKNEWS18/FARIDABAD : क्रेडिट कार्ड एक्टिव करने के नाम पर ठगी करने के मामले में तीन महिलाओं सहित चार आरोपियों को साईबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
बल्लभगढ निवासी एक महिला ने साइबर थाना बल्लभगढ में दी शिकायत में आरोप लगाया कि 31 जूलाई को उसके पास कॉल आई, कॉल करने वाली महिला ने कहा कि वह एचडीएफसी बैंक से बोल रही है। इसी दौरान महिला ने शिकायतकर्ता का क्रेडिट कार्ड ऑनलाइन एक्टिव करने के लिये कहा।
जिसके बाद उसका क्रेडिट कार्ड एक्टिव किया और बातों में फंसा कर उसके कार्ड से विभिन्न ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 62,173 रूपए निकाल लिये। जिस शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ की टीम ने कार्रवाई करते हुए सचिन वर्मा निवासी चाणक्य प्लेस पार्ट 02 उत्तम नगर दिल्ली व दिल्ली की ही तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि सचिन ने महावीर नगर दिल्ली में एक फ्लैट किराये पर ले रखा था, जहां पर वह गिरफ्तार महिलाओं से कॉलिंग का काम करवाता था।
आरोपी महिलाएं कॉलिंग के जरिये लोगो को जाल में फंसाती और उनसे ठगी करती। महिलाओं को माननीय अदालत में पेश कर जेल भेजा गया वही सचिन को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।