JKNEWS18/FARIDABAD : थाना पल्ला क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 26,500 रुपये निकालने के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने दो आरोपियों को प्रोडक्शन पर लेकर गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नियाज मोहम्मद निवासी गांव गंगेरू, शामली हाल लोनी, गाजियाबाद तथा नईम अल्वी निवासी गांव गंगेरू शामली हाल संगम विहार लोनी गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एटीएम कार्ड तथा 26500 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता सुमित कुमार निवासी श्याम कॉलोनी, पल्ला ने शिकायत दी थी कि 15 सितम्बर 2026 को सुबह करीब 9.30 बजे वह शनि बाजार के पास स्थित हिताची एटीएम से पैसे निकालने गया था। इसी दौरान एटीएम बूथ में मौजूद दो व्यक्तियों ने धोखे से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया।
इसके बाद आरोपियों ने कार्ड का इस्तेमाल कर उसके खाते से 26500 रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में मामला दर्ज किया गया। अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने दोनों आरोपियों को प्रोडक्शन पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने 15 सितम्बर को पल्ला क्षेत्र के अंतर्गत एटीएम कार्ड बदलकर 26500 रुपये निकाले थे।
इसके बाद आरोपितों ने थाना एनआईटी क्षेत्र के अंतर्गत एक अन्य व्यक्ति के साथ भी वारदात करने का प्रयास किया, जिसके चलते वे पकड़े गए थे। पुलिस ने आरोपियों से बरामदगी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।