JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना एनआईटी की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 9.66 लाख की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज कुमार निवासी गांव हसनपुर, बागपत उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ग्रीन फील्ड कॉलोनी सेक्टर-43 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 8 अक्टूबर 2025 को उसे विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने स्वयं को सहायक बताते हुए शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया।
इसके बाद अलग-अलग यूपीआई आईडी एवं बैंक खातों में अक्टूबर 2025 के दौरान शिकायतकर्ता से कुल 9,66,000 ट्रांसफर करवा लिए गए। मामले में साइबर थाना एनआईटी में केस दर्ज कर जांच की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी सूरज कुमार साइबर ठगी में शामिल नितिन व कंचन के लिए बैंक खाते खुलवाकर उपलब्ध करवाता था।
आरोपी ने खाताधारक राहुल व वैद्यचंद का संयुक्त बैंक खाता खुलवाकर नितिन व कंचन को उपलब्ध करवाया था। मामले में नितिन, कंचन, राहुल व वैद्यचंद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।