JKNEWS18/FARIDABAD : फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने साइबर ठगी के चार अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डबुआ कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसके मोबाइल फोन पर सॉफ्टवेयर अपडेट का मैसेज आया।
मैसेज पर क्लिक करने के बाद उसका फोन हैक हो गया और खाते से 25500 रुपये कट गए। मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने शिवा निवासी सहारनपुर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी खाताधारक है और उसके खाते में ठगी की पूरी राशि आई थी। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पर्वतीय कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी कि 19 जुलाई को उसका फोन अचानक हैक हो गया और खाते से 32,999 रुपये कट गए। मामले में साइबर थाना एनआईटी ने अंकित साहू निवासी किशनगढ़ अजमेर तथा मानसिंह राठौर निवासी अजमेर, राजस्थान को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि ठगी की राशि मानसिंह के खाते में आई थी।
उक्त खाता अंकित ने ठगों को उपलब्ध करवाया था तथा खाते में आई राशि को अंकित ने एटीएम के माध्यम से निकलवाकर आगे अन्य व्यक्ति को दिया था। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सेक्टर-49 निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी कि 27 नवंबर से 24 दिसंबर 2025 के बीच शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर उसके साथ 41,50,547 रुपये की साइबर ठगी की गई। मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने सूरज कुमार निवासी गोरखपुर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी दूसरी लेयर का खाताधारक है, जिसके खाते में ठगी के 5,000 रुपये आए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसके पास कॉल आया और उसे 2000 रुपये का वाउचर मिलने की बात कही गई।
वाउचर एक्टिवेट करने के नाम पर क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेने के बाद उसके खाते से 92655 रुपये कट गए। मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने मुन्ना लाल निवासी सुलेमान नगर दिल्ली को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवाया था, जिसमें ठगी से संबंधित 34,510 रुपये आए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।