JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर ठगी के मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक मामले में खाताधारक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेमाराम निवासी गांव गुलाबपुरा जिला नागौर राजस्थान, मुदित पारिक निवासी श्रीरामपुरा पारिक मोहल्ला जिला जयपुरए राजस्थान तथा मुकेश जाखड़ निवासी गांव पनवालियां जिला नागौर राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ़ क्षेत्र में फोन हैक होने के बाद बैंक खाते से 60 हजार रुपये की अनधिकृत निकासी का मामला सामने आया था।
गांव तिगांव निवासी पीडि़त ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया तथा 31 अगस्त 2026 को उसके बैंक खाते से उसकी जानकारी के बिना 60000 रुपये कट गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी मुदित पारिक खाताधारक है, जिसके खाता में साइबर ठगी के 60 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। वहीं आरोपी मुकेश और नेमाराम ने उक्त बैंक खाता साइबर ठगी में शामिल आरोपियों को उपलब्ध करवाया था। आरोपित नेमाराम, मुकेश की बुआ का लडक़ा है।
आरोपी मुदित पारिक को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया हैए वहीं मुकेश जाखड़ व नेमाराम को आगामी पूछताछ के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।