JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर ठगों ने बैंक कर्मचारी बनकर डेबिट कार्ड रिन्यू कराने के नाम पर बैंक खातों से 8.29 लाख रुपये ठगने के मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने ठगी की रकम प्राप्त करने वाले दो खाताधारक मनोज कुमार निवासी पोखरा बहराईच उत्तर प्रदेश तथा विशाल कुमार निवासी दुर्ग कोतवाली बहराईच उत्तर प्रदेश को बहराईच उत्तर प्रदेश से 11 सितंबर को गिरफ्तार किया है।
जिनको न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सूरजकुंड निवासी शिकायतकर्ता का पंजाब नेशनल बैंक का डेबिट कार्ड एक्सपायर हो गया था। कार्ड रिन्यू कराने के लिए शिकायतकर्ता ने गूगल से कस्टमर केयर नंबर प्राप्त कर उस पर कॉल की। इसके बाद एक मोबाइल नंबर से उसके पास कॉल आई।
कॉल करने वाले ने स्वयं को बैंक कर्मचारी बताते हुए शिकायतकर्ता व उसकी पत्नी के डेबिट कार्ड से संबंधित जानकारी हासिल कर ली। इसके कुछ समय बाद साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन हैक कर लियाए जिसके बाद उसके मोबाइल पर लगातार ओटीपी आने लगे।
ठगों ने शिकायतकर्ता के बैंक खाते से 4.70 लाख रुपये तथा उसकी पत्नी के खाते से 3.59 लाख रुपये, कुल 8.29 लाख रुपये निकाल लिये। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज जांच आरंभ की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी मनोज और विशाल ने अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध करवाए हुए थे। पहली लेयर में मनोज के खाते में 3 लाख रुपये प्राप्त हुए थे, जिसमें से 60 हजार रुपये विशाल के खाते में ट्रांसफर किए गए थे।