JKNEWS18/FARIDABAD : पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3 फरीदाबाद में जोड़ो ज्ञान एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा आधारभूत संख्यात्मकता पर तीन दिवसीय कार्यशाला 19 जून 2025 से 21 जून 2025 तक आयोजित की जा रही है। मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त गुरुग्राम संभाग संजीत कुमार ने दीप प्रज्वलन कर कार्यशाला की शुरुआत की।
विद्यालय प्राचार्या श्रीमती भारती कुक्कल ने मुख्य अतिथि, जोड़ो ज्ञान फाउंडेशन के संसाधकों एवं गुरुग्राम संभाग के विभिन्न विद्यालयों से आए 9 मुख्य अध्यापकों एवं 53 प्राथमिक शिक्षकों सभी का स्वागत किया।
सहायक आयुक्त ने सभी प्रतिभागियों को दिशा निर्देश एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि आज के समय में शिक्षा छात्रों के लिए रोचक और व्यवहारिक होनी चाहिए। गणित शिक्षा का अभिन्न हिस्सा है। गणित शिक्षण छात्रों के लिए रोचक और प्रभावी बनाना प्रत्येक अध्यापक का कर्तव्य है।
इस तरह के कार्यक्रम शिक्षा प्रणाली में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद करेंगे एवं नई शिक्षा नीति को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।