JKNEWS18/FARIDABAD : एक माइनिंग साइट पर कर्मचारियों को हथियार दिखाकर डराने-धमकाने, जान से मारने की धमकी देने तथा प्रति माह 2 लाख की रंगदारी मांगने के एक मामले में अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने अरुण उर्फ आशु निवासी गांव रायपुर नोएडा उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एक फर्म के पार्टनर वागीश शर्मा निवासी करनाल ने थाना भुपानी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि महावतपुर गांव स्थित उनकी माइनिंग साइट पर आरोपित यश चौहान उर्फ चन्नू निवासी महावतपुर अपने साथियों के साथ पहुंचकर कर्मचारियों को हथियार दिखाकर डराता-धमकाता था तथा प्रतिमाह 2 लाख देने की मांग करता था।
शिकायत पर थाना भूपानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि अपराध शाखा सेंट्रल की टीम द्वारा आरोपी यश चौहान वासी महावतपुर व अमित निवासी नोएडा को गिरफ्तार किया गया और पुलिस रिमांड के दौरान वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी तथा डराने के लिए इस्तेमाल की गई टॉय गन बरामद को बरामद कर उनको जेल भेजा गया।
इसके उपरांत 9 सितंबर को अपराध शाखा की टीम ने अरुण उर्फ आशु को गिरफ्तार किया है। वह यश चौहान का दोस्त है और वारदात के समय वह उसके साथ मौजूद था। जिसको भी न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।