JKNEWS18/FARIDABAD : ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर 38 हजार की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक कुल 9 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने कपिल ग्रोवर निवासी श्रीगंगानगर राजस्थान को 7 सितम्बर 2026 को राजस्थान से काबू किया था।
जिसको अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-9 निवासी एक व्यक्ति को ऑनलाइन लोन कंपनी के माध्यम से 15 लाख का लोन दिलाने का झांसा दिया गया। ठगों ने पहले रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 599 जमा करवाए।
इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, बैंक चार्ज, इंश्योरेंस आदि के नाम पर अलग-अलग किश्तों में कुल 38,000 विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिये। बाद में लोन जारी करने के नाम पर लगातार नए शुल्क की मांग की गई। ठगी का एहसास होने पर शिकायतकर्ता ने पुलिस को शिकायत दी, जिस पर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कपिल जैसलमेर स्थित एक फाइनेंस बैंक में कार्यरत है। कपिल ने एक अन्य आरोपी रोहित की मुलाकात मोहित से करवाई थी। रोहित बैंक खाते लेकर मोहित को देता था।
खाता में ठगी की रकम आने के बाद मोहित खातों के बैलेंस व अन्य बैंक संबंधी जानकारी कपिल के माध्यम से चेक करवाता था, कपिल सारी जानकारी मोहित के साथ साझा करता था। घटनाक्रम में रोहित, मोहित सहित 8 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किये जा चुके हैं।