JKNEWS18/FARIDABAD : बीते 13-14 अगस्त की रात्रि को थाना छांयसा क्षेत्र के अंतर्गत चोरीशुदा फॉच्र्यूनर गाड़ी से एसबीआई बैंक का एटीएम उखाडक़र ले जाने के मामले में एवीटीएस सिकरोना की टीम ने मुख्य आरोपी हनीश उर्फ होशी निवासी गांव धौज फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फरीदाबाद पुलिस ने 5000 का इनाम घोषित किया हुआ था। उस पर 38 मामले पूर्व में भी दर्ज है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार 13-14 अगस्त की रात को थाना छांयसा क्षेत्र के अंतर्गत एक एसबीआई बैंक का एटीएम चोरी कर लिया गया था। एटीएम मशीन में 8 लाख से अधिक रुपए थे। जिस संबंध में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई। उन्होंने आगे बताया कि एवीटीए सिकरोना की टीम ने मुख्य आरोपी हनीश उर्फ होशी निवासी गांव धौज फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।
जिसकी पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों ने एटीएम को बेल्ट की सहायता से फॉच्र्यूनर गाड़ी से बांधा और खींचकर एटीएम को उखाड़ कर गाड़ी की डिग्गी में रख लिया और धौज गांव के पहाड़ में ले जाकर एटीएम मशीन को तोडक़र पैसे निकाल लिये। न्होंने और अधिक जानकारी देते हुए बताया कि जिस फॉच्र्यूनर गाड़ी से वारदात को अंजाम दिया गया था वह गाड़ी सेक्टर 16 से चुराई गई थी।
फॉच्र्यूनर गाड़ी को पुलिस ने पहले ही बरामद कर लिया था। एटीएम चोरी करने की घटना में उसके तीन साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी पर पूर्व में भी एटीएम उखाडऩे के 8-10 मामलों सहित कुल 38 मामले दर्ज है। जिसको माननीय न्यायालय में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।