JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना बल्लभगढ़ एवं साइबर थाना एनआईटी की टीमों ने साइबर ठगी के चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी की घटनाओं में उनकी भूमिका तथा अन्य संलिप्त आरोपितों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
फेसबुक पर शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 6.76 लाख रुपये की ठगी साइबर थाना बल्लभगढ़ में जुलाई 2026 में साइबर ठगी का एक मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि फेसबुक पर उसे शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया।
जिनके झांसे में आकर उसने अलग-अलग माध्यमों से कुल 6,76,000 रुपये निवेश कर दिए, लेकिन बाद में उसे ठगी का पता चला। मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने जयकिशन निवासी गांव बुसाना, जिला सोनीपत हाल विकास नगर बहादुरगढ़ तथा शुभम गुप्ता निवासी गांव काला कुआं, अलवर, राजस्थान, हाल सेक्टर-112 गुरुग्राम को गिरफ्तार किया है।
जिनसे सामने आया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर खाताधारक सचिन को ठगी के पैसे खाता में आने तक अपने पास दिल्ली में ठहराया हुआ था। खाताधारक सचिन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का लालच देकर 2.32 लाख रुपये की ठगी साइबर थाना बल्लभगढ़ के वर्ष 2024 के एक साइबर ठगी के मामले में शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसको क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का लालच दिया गया। ठगों ने एक लिंक भेजकर उसके क्रेडिट कार्ड से संबंधित जानकारी भरवाई, जिसके बाद उसके क्रेडिट कार्ड से 2,32,647 रुपये की राशि कट गई।
मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने हिमांशु फुलारा निवासी भगवती विहार, उत्तम नगर वेस्ट, दिल्ली तथा दिनकर निवासी राजापुरी, उत्तम नगर वेस्ट, दिल्ली को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि दिनकर खाताधारक है, जिसके बैंक खाते में ठगी की रकम के 25 हजार रूपये प्राप्त हुई थी,जबकि हिमांशु ने ठगों को बैंक खाता उपलब्ध करवाया था।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।पानी का बिल भरने के नाम पर एपीके फाइल भेजकर 15.34 लाख रुपये की ठगी दिसंबर 2025 में एक स्कूल के बैंक खाते से साइबर ठगी कर 15,34,699 रुपये निकालने का मामला साइबर थाना बल्लभगढ़ में सामने आया था।
शिकायतकर्ता ने बताया था कि स्कूल के बैंक खाते में अकाउंटेंट रघुवीर का मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड था। 9 दिसंबर को अकाउंटेंट ने बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर लगातार ट्रांजेक्शन संबंधी एसएमएस आ रहे हैं तथा खाते से पैसे कटने के मैसेज प्राप्त हो रहे हैं। इस प्रकार स्कूल के बैंक खाते से कुल 15,34,699 रुपये की राशि निकाल ली गई थी।
मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने रामशंकर निवासी गांव कैनहरा, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि रामशंकर सेंटर चलाता है और उसके सेंटर के वॉलेट खाते में ठगी की रकम में से 2 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 9.66 लाख रुपये की ठगी साइबर थाना एनआईटी की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 9,66,000 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में ज्वालापुरी, पश्चिमी विहार, दिल्ली निवासी एक महिला तथा नितिन निवासी हाथरस, हाल ओम विहार, उत्तम नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने पहले गिरफ्तार किए जा चुके खाताधारक राहुल व वैधवर्मन के बैंक खातों को लेकर आगे साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था। आरोपी ठगी की रकम को खातों से निकलवाकर आगे ठगों तक पहुंचाने का काम करते थे। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।