JKNEWS18/FARIDABAD : थाना कोतवाली क्षेत्र में 25 अगस्त की रात को मार्केट नंबर-1 में जूते-चप्पल की दुकान में घुसकर दुकानदार व उसके परिजनों के साथ लाठी-डंडों, रॉड व ईंट-पत्थरों से मारपीट करने, दुकान में तोडफ़ोड़ करने तथा नकदी लूटने के मामले में थाना कोतवाली की टीम ने कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन, रितिक, हिमांशु, लक्ष्य उर्फ लक्कू, नितिकेश, अभिषेक, अनिकेत, समीर व प्रेम पुत्र राजू निवासी गण ब्लॉक-ए टाउन नंबर 2 एनआईटी फरीदाबाद के रूप में हुई है। जिनको माननीय अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 25 अगस्त को रात के समय आरोपी अमन टाउन नंबर एक की मार्केट में मौजूद था। उसने शराब पी रखी थी।
शिकायतकर्ता द्वारा स्कूटी का हॉर्न बजाने पर वह भडक़ गया और शिकायतकर्ता के साथ गाली.गलौच की। फिर उसने फोन करके अपने अन्य साथियों को घटनास्थल पर बुला लिया और शिकायतकर्ता की दुकान में घुसकर उन्होंने लाठी-डंडों व रॉड से मारपीट करते हुए दुकान में तोडफ़ोड़ की थी तथा लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था।
गौरतलब है कि 25 अगस्त की रात के समय टाउन नंबर एक की मार्केट में काफी युवकों द्वारा एक चप्पल-जूतों की दुकान में घुसकर मारपीट, तोडफ़ोड़, लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था।
घटनाक्रम के संबंध में दुकानदार राजकुमार निवासी एनआईटी फरीदाबाद की शिकायत पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई और कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली प्रभारी मंजीत सिंह व चौकी प्रभारी दर्शन के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस तरह की गुंडागर्दी व बदमाशी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फरीदाबाद पुलिस द्वारा कानून की पालना करते हुए इसी तरह से शरारती तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए थाना की टीम द्वारा दबिश दी जा रही है।